हरदोई , जुलाई 05 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पचदेवरा थाना क्षेत्र में भाहपुर सपहा गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात सिद्धार्थनगर के बांसी से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस के अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे गिरने से छह बच्चों समेत 36 यात्री घायल हो गए, जबकि 12 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए और वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बस में सवार एडवोकेट विनय कुमार यादव ने बताया कि बस में करीब 150 यात्री सवार थे। उनके अनुसार रात में करीब दो बजे यात्रा के दौरान चालक मोबाइल फोन पर बात करने लगा। इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में सुनील कुमार, अमित कुमार, कृष्ण मोहन, गीता यादव, विनय कुमार यादव, विशाल, अनिल, सचिन, कृष्णा पाण्डेय, बनवारीलाल, राहुल यादव, राहुल पाठक, शहजाद, अजय, तबस्सुम, राजेश, अंशिका, आंचल, मोहन कुमार, अकबर अली, मुन्ना, हैदर अली, साजिद, अफजल, मनोज पाठक, गीता, अर्जुन, दिव्यांश, दिव्यांशी, अर्पित शुक्ला, अनुराधा, आरव, अनवि, राधेश्याम और मोवेंद्र शामिल हैं। सभी घायल जनपद सिद्धार्थनगर एवं बस्ती क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
दुर्घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि हादसा रात करीब दो बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल शाहजहांपुर के जलालाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बस में यात्रियों की वास्तविक संख्या और दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित