कोलकाता , जनवरी 15 -- आध्यात्मिक शुद्धि और मोक्ष की तलाश में गंगासागर में लाखों भक्तों ने सर्दी की परवाह किये बिना गंगा और बंगाल की खाड़ी के संगम पर गुरूवार को डुबकी लगायी।
तीर्थयात्रियों ने पारंपरिक स्नान के बाद कपिल मुनि मंदिर में प्रार्थना की। बुधवार से प्रारम्भ पवित्र स्नान का सिलसिला गुरुवार तक चलेगा। यहां दिन-रात काफी भीड़ उमड़ रही है। पश्चिम बंगाल सरकार के अनुसार, लगभग 85 लाख तीर्थयात्रियों ने जनवरी की शुरुआत से बुधवार दोपहर तक पवित्र स्नान किया था।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गुरुवार सुबह एक लाख से अधिक लोग पहले ही गंगा में स्नान कर चुके थे। पवित्र स्नान के लिए महेन्द्रक्षण बुधवार को दोपहर 1:19 बजे शुरू हुआ। सुबह-सुबह ही बीच संख्या 1, 1ए, 4, 5, और 6 पर भीड़ जमा होने लगी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, बढ़ती भीड़ की वजह से अधिकारियों को तीर्थयात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए बीच से मंदिर तक जाने वाली सड़कों को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा।अधिकारियों को उम्मीद की थी कि इस वर्ष कोई कुंभ मेला नहीं होने के कारण उपस्थिति ज्यादा रहेगी, जो बुधवार दोपहर तक सही साबित हुई। मेले के मैदान, सागर बस स्टैंड और लॉट 8 पर भीड़ उमड़ पड़ी।
ज्यादा भीड़ के कारण कुछ लोग बीमार हो गये। बचाव अभियान चलाकर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। तीर्थयात्रियों के परिजनों से अलग होने के मामले भी सामने आये हैं। जानकारी के अनुसार, 4,883 लोग अपने रिश्तेदारों से अलग हो गये थे। इनमें से 4,860 को परिवार वालों के पास पहुंचाया जा चुका है। चोरी की कुल 272 शिकायतें मिली थीं। इनमें से 260 मामलों में चोरी की वस्तुएं बरामद कर लौटा दी गयीं। कुल 772 लोगों को विभिन्न अपराधों के सिलसिले में हिरासत में लिया गया है। प्रशासन ने कहा कि मेले का आयोजन अब तक सुचारू रूप से हुआ है।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं में केंद्रीय नियंत्रण कक्षों से सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिये पूरे मेले पर निगरानी रखी गयी। इसमें जमीन और सागर में पुलिस और आपातकालीन टीमों की समन्वित तैनाती शामिल है। चिकित्सीय दल एंबुलेंस और सूचना केंद्र को तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयार रखा गया है। इस वर्ष का गंगासागर मेला पहली बार संगठित और सार्वजनिक रूप से किन्नर नागा साधुओं की ऐतिहासिक और सांकेतिक उपस्थिति का भी गवाह बना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित