श्रीगंगानगर , अगस्त 25 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर की धान मंडी में लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर व्यापारियों ने अब कृषि विभाग के उच्च अधिकारियों तक अपनी आवाज पहुंचाई है।

गंगानगर व्यापार संघ की ओर से सोमवार को जयपुर में कृषि निदेशक राजेश चौहान को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में व्यापारियों ने तीन प्रमुख मांगें दुकानों के बंटवारे की प्रक्रिया को शीघ्र और पारदर्शी तरीके से पूरा करने, दुकानों की साझेदारी पर लगाए जाने वाले शुल्क में कमी करने, और अधिक जमा राशि पर बकाया ब्याज व्यापारियों को दिलाने की मांग की गई।

व्यापार संघ के अध्यक्ष भूपेंद्रपाल आहूजा ने कहा कि धान मंडी के व्यापारियों की ये समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। अगर समय रहते इनका समाधान नहीं किया गया तो व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। संघ आशा जताई कि कृषि निदेशक के स्तर पर इन मांगों पर जल्द ही ठोस कार्रवाई होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित