श्रीगंगानगर , मई 16 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के ब्लाक एरिया की प्रमुख राधेश्याम कोठी रोड की दशकों पुरानी समस्या आखिरकार हल होने की राह पर है।
संयुक्त मास्टर प्लान संघर्ष समिति के लंबे समय से चले आ रहे अथक प्रयासों और स्थानीय नागरिकों के जनदबाव के नतीजतन नगर विकास न्यास (यूआईटी) ने सड़क चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण का कार्य आदेश जारी कर दिया है। इस फैसले से क्षेत्र के हजारों निवासियों और रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राधेश्याम कोठी रोड क्षेत्र लंबे समय से यातायात जाम, संकरी सड़क और बीच में बनी नालियों की समस्या से जूझ रहा था। सड़क के मध्य में निर्मित नालियां न केवल वाहनों की आवाजाही को बाधित करती थीं, बल्कि बारिश के मौसम में जलभराव, दुर्घटनाओं का खतरा और आमजन की दैनिक परेशानी को बढ़ाती थीं। व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहती थीं और पूरा इलाका यातायात अव्यवस्था का शिकार बना हुआ था।
सूत्रों ने बताया कि वर्ष 2015 में वेदप्रकाश जोशी द्वारा दायर याचिका पर उच्च न्यायालय के निर्णय के बाद रोड से अतिक्रमण हटाए गए थे, लेकिन नालियों को उनके मूल स्थान से पीछे स्थानांतरित नहीं किया गया। नतीजतन सड़क पूरी तरह सुगम नहीं हो पाई और समस्या जस की तस बनी रही।
इसी स्थिति को देखते हुए संयुक्त मास्टर प्लान संघर्ष समिति ने वर्ष 2015 के बाद से लगातार इस मुद्दे को उठाया। समिति संयोजक नरेश शर्मा के नेतृत्व में समिति ने प्रशासन, यूआईटी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष बार-बार ज्ञापन सौंपे, जनसंपर्क अभियान चलाए, बैठकें कीं और विभिन्न मंचों पर आवाज उठाई।
समिति का मुख्य आग्रह था कि नालियों को दोनों तरफ पीछे हटाकर सड़क का उचित चौड़ीकरण किया जाए, ताकि आमजन को वास्तविक सुविधा मिल सके। इन निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है। पहले कार्य की टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई और अब यूआईटी द्वारा औपचारिक रूप से कार्य आदेश जारी कर दिया गया है।
कार्य आदेश के अनुसार गौशाला रोड स्थित भाटिया पेट्रोल पंप से शुरू होकर पूर्व मंत्री बाऊ राधेश्याम कोठी वाली मुख्य सड़क से होते हुए पदमपुर मार्ग पर ऊधमसिंह चौक तक विस्तृत कार्य किया जाएगा। दोनों तरफ लगभग दो मीटर अतिक्रमण हटाया जाएगा, नालियों को पीछे करके नई नालियों का निर्माण किया जायेगा और रिक्त हुई जगह पर दोनों ओर सीसी सड़क (कॉन्क्रीट रोड) बनाई जाएगी। इस कार्य से मुख्य सड़क लगभग चार मीटर चौड़ी हो जाएगी, जो यातायात को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित