हरिद्वार , मई 11 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में गंगनहर रेगुलेटर के पास सोमवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति की लावारिस शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बहादराबाद पुल से रिसर्च कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर स्थित रेगुलेटर के पास लोगों ने पानी में एक शव तैरता हुआ देखा। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव काफी सड़ी-गली हालत में था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि शव तीन से चार दिन पुराना हो सकता है।

सूचना पर पहुंची बहादराबाद थाना पुलिस ने मौके पर भीड़ को हटाकर क्षेत्र को अपने कब्जे में लिया। जल पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। वहीं मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शव की पहचान होने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित