हरिद्वार , फरवरी 11 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के गंगनहर में लापता आईआईटी रुड़की के एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्र आशीष शुक्ला की तलाश के लिए गुरुवार सुबह से ही बड़े स्तर पर तलाश अभियान जारी है।
आज तड़के उत्तराखंड राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), आर्मी, सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस और गोताखोरों की संयुक्त टीम ने महर्षि वाल्मीकि घाट से लेकर आसफनगर झाल तक गंगनहर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया लेकिन अभी तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीआरएफ टीम का नेतृत्व एसआई दीपक मेहता कर रहे हैं और टीमें लगातार नहर के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में खोजबीन कर रही हैं। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं और तलाश अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बुधवार शाम आशीष शुक्ला अपने दोस्तों के साथ नहर किनारे स्थित बाल्मीकि घाट पर बैठा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह गंगनहर के तेज बहाव में बह गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में आईआईटी रुड़की के छात्र घाट पर पहुंच गए। संस्थान के सुरक्षा विभाग और फायर विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं लेकिन तत्काल प्रभावी तलाश अभियान शुरू न होने पर छात्रों में नाराजगी देखने को मिली थी। अंधेरा होने के कारण कल तलाश अभियान शुरू नहीं हो सका था।
आज सुबह से संयुक्त टीम लगातार सर्चिंग में जुटी हुई है। तहसीलदार विकास अवस्थी ने मौके पर पहुंचकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता की और तलाश अभियान को सुचारु बनाने के लिए नहर का जलस्तर कम कराने की बात कही है।
फिलहाल छात्र का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और साथियों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित