श्रीगंगानगर , अगस्त 12 -- राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 14 अगस्त को अनूपगढ़ दौरे के ठीक पहले संयुक्त किसान मोर्चा ने गंगनहर से जुड़े पुराने और प्रमुख मुद्दों को लेकर राज्य सरकार के नाम बुधवार को एक विस्तृत खुला पत्र जारी किया है।

संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि किसानों का एक सप्ताह से श्री गंगानगर में जिला कलेक्ट्रेट के नजदीक महाराजा गंगासिंह चौक पर जल संसाधन विभाग के कार्यालय के बाहर धरना भी जारी है। किसानों का कहना है कि धरना हटते ही पंजाब से पानी की आपूर्ति फिर कम हो जायेगी और चोरी खुलेआम शुरू हो जायेगी।

गंगनहर में पंजाब से मिलने वाले पानी की मात्रा इस महीने के हिस्से के मुताबिक स्थिर रखने और पंजाब क्षेत्र में हो रही पानी की चोरी रोकने के लिए किसान पिछले एक सप्ताह से महाराजा गंगासिंह चौक पर धरना दे रहे हैं। धरने के दबाव में जल संसाधन विभाग पिछले 10 दिनों से सक्रिय दिखाई दिया है। पंजाब से आने वाले पानी की मात्रा कुछ हद तक संतोषजनक बनी हुई है। विभाग के अधिकारियों ने पंजाब में नहर का लगातार दौरा करके पानी चोरी के लिए लगाये गये कई पाइप उखाड़े हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित