गंगटोक , फरवरी 28 -- सिक्किम की राजधानी गंगटोक में आयोजित हुए जैविक सम्मेलन में दक्षिण कोरिया, संयुक्त अरब अमीरात, मंगोलिया, सऊदी अरब, ओमान, सिंगापुर, नॉर्वे, कुवैत और ब्रिटेन सहित 17 देशों के लगभग 40 खरीदार शामिल हुए।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी। इसमें बताया गया कि इस जैविक प्रदर्शनी में सिक्किम के प्रमाणित जैविक उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें बड़ी इलायची, जीआई टैग प्राप्त डल्ले खुर्सानी, सिक्किम मैंडारिन, कुक्कुट, हल्दी और ऑर्किड शामिल थे। इस प्रदर्शनी ने खरीदारों के समक्ष राज्य के विविध और निर्यात के लिए तैयार जैविक उत्पादों को सामने रखा और और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को आकर्षित किया।
वाणिज्य मंत्रालय की मातहत संस्था कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने सिक्किम सरकार और आईएफओएएम-एशिया के साथ मिलकर यहां यह प्रदर्शनी आयोजित की। इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण भागीदारी देखी गई, जिसमें एनसीईएल, बेसिलिया ऑर्गेनिक्स, फ्लेक्स फूड्स और नेक्स्टन सहित लगभग 20 प्रमुख भारतीय निर्यातकों ने सिक्किम के लगभग 100 किसान उत्पादक संगठनों के साथ एक बैठक में भाग लिया।
गौरतलब है कि सिक्किम 2016 में भारत का पहला पूर्णतः जैविक राज्य बना था। इसके बाद यहां के उत्पादों को एपीडा की निर्यात प्रमाणन प्रणाली के तहत मान्यता प्राप्त हुई। जैविक कृषि में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए राज्य को 2018 में संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन ने फ्यूचर पॉलिसी गोल्ड अवार्ड से सम्मानित किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित