अलवर , जून 17 -- राजस्थान में कोटपुतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र के खोहरी गांव में तेंदुए की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत फैल गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात एक मादा तेंदुआ दो शावकों के साथ आबादी क्षेत्र में पहुंच गयी, जहां उसने एक किसान की गाय के बछड़े का शिकार किया। पीड़ित पशुपालक बाबूलाल स्वामी ने बताया कि देर रात मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ उनके बाड़े के पास पहुंची और गाय के बछड़े पर हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत फैल गयी।
इससे पहले भी तेंदुआ कई बार आबादी क्षेत्र में घुसकर पालतू पशुओं का शिकार कर चुका है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से लोग भय के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं। शाम होते ही ग्रामीण अपने बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्क हो जाते हैं।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गयी है। ग्रामीणों ने वन विभाग तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और आबादी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी भी संभावित बड़े हादसे को रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित