फगवाड़ा , सितंबर 19 -- पंजाब के कपूरथला जिले के खैरा बेट गांव में शुक्रवार देर रात एक एनआरआई परिवार के घर में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में खड़ी स्कॉर्पियो और कई घरेलू सामान जल गए। परिवार ने कुछ लोगों पर घटना में शामिल होने का संदेह जताया है, लेकिन पुलिस जांच में अभी तक किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार मकान एनआरआई कुलवंत सिंह खैरा का है। आग रात के समय अचानक लगी और तेजी से फैल गई। आग के कारण स्कॉर्पियो के टायर फटने से जोरदार आवाज हुई, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। विदेश में रह रहे परिवार को फोन पर घटना की जानकारी दी गई।
कुलवंत सिंह ने फोन पर मीडिया को बताया कि स्थानीय एक धार्मिक डेरा के साथ उनका विवाद चल रहा है और उन्हें आशंका है कि विवाद से जुड़े कुछ लोगों की घटना में भूमिका हो सकती है। उन्होंने पंजाब सरकार और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने पर फत्तू ढींगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे कोई जानबूझकर किया गया कृत्य था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित