पौड़ी , मई, 10 -- उत्तराखंड में पौड़ी के सतपुली क्षेत्र के खैरासैंण में रविवार को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई, जब प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, छात्र-छात्राएं एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि यह महाविद्यालय भवन क्षेत्र के युवाओं के सपनों को नई दिशा देने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि अब पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में अत्याधुनिक कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब एवं समृद्ध पुस्तकालय जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी बेहतर तरीके से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास योजनाओं को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने तथा युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित