खैरागढ़-छुईखदान-गंडई , अप्रैल 25 -- ) छत्तीसगढ़ में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छुईखदान प्रखंड के अंतर्गत ग्राम ठाकुरटोला में स्थित रहस्यमयी और आस्था से जुड़ी मंडीप खोल गुफा का द्वार 27 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा। घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ियों के बीच स्थित यह गुफा अपनी प्राचीन परंपराओं और प्राकृतिक विशेषताओं के कारण विशेष महत्व रखती है।

स्थानीय मान्यता के अनुसार यह गुफा वर्ष में केवल एक दिन ही खुलती है, जिसके चलते यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। गुफा तक पहुंचने के लिए लगभग 10 किलोमीटर का कठिन पैदल मार्ग तय करना पड़ता है, जिसमें नदी-नालों को पार करना भी शामिल है।

गुफा के भीतर स्वयंभू शिवलिंग, पवित्र जलकुंड और 'श्वेत गंगा' के नाम से प्रसिद्ध सतत जलधारा मौजूद है, जो इसे आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बनाती है। परंपरा के अनुसार गुफा का द्वार खुलने के बाद सर्वप्रथम ठाकुरटोला का राजपरिवार पूजा-अर्चना करता है, जिसके पश्चात आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था की जाती है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि इस वर्ष करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। पंचायत, वन, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। साथ ही प्रशासन ने क्षेत्र के वन क्षेत्र होने के कारण आगंतुकों से सतर्कता बरतने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित