खैरागढ़ , फरवरी 16 -- छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम मोहंदी में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर के समय फैक्ट्री परिसर से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री के भीतर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल और बारदाना रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही खैरागढ़ और आसपास के क्षेत्रों से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। केमिकल सामग्री होने के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। एहतियात के तौर पर पुलिस ने फैक्ट्री के आसपास के क्षेत्र को खाली कराते हुए आवाजाही पर रोक लगा दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित