खैरागढ़ , मई 13 -- छत्तसीगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने बुधवार को कहा कि हमारे विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के बीचों-बीच चल रहे एक अवैध रिफिलिंग और बॉटलिंग सेटअप का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने दो शराब भट्ठी के सेल्समैन और एक सुपरवाइजर सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना खैरागढ़ और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने राजपूत होटल के पास स्थित एक किराए के मकान पर दबिश दी। यहाँ आरोपी भागवत वर्मा और त्रिलोक यादव को शराब की मिलावट और बॉटलिंग करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पूछताछ में पता चला कि ये लोग शराब में पानी मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाते थे और फिर नई बोतलों में भरकर उन्हें सील कर बाजार में खपाते थे।

मामले की गंभीरता तब बढ़ गई जब जांच में पता चला कि पकड़े गए आरोपी शराब दुकानों से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार किए गये आरोपियों में भागवत वर्मा सेल्समैन, खैरागढ़ शराब भट्ठी, त्रिलोक यादव सेल्समैन, खैरागढ़ शराब भट्ठी के अलावा तिपेश कुमार सोनी सुपरवाइजर, जालबांधा शराब भट्ठी, शक्ति नारायण सिंह निवासी दंतेवाड़ा शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 34 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जप्त की है, जिसकी बाजार मूल्य लगभग 22,320 रु आंकी गई है। इसके अलावा 130 नग गोवा स्पेशल व्हीस्की (पाउच/बोतल), 10.5 लीटर संदिग्ध मिलावटी तरल पदार्थ। 720 नग लेबल स्टीकर, 203 नग ढक्कन और तीन पत्ता होलोग्राम, खाली बोतलें, ब्लू स्टिक, जेरिकेन और रिफिलिंग में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 318(4), 336(2), 336(3), और 340(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित