अलवर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में अलवर जिले के मेवात क्षेत्र में शुक्रवार को हुई ओलावृष्टि, बारिश और तेज तूफान ने किसानों की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है।
शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार तूफान और ओलावृष्टि से खैरथल तिजारा क्षेत्र के सिरौली कला, भोकर, भामावास, टपूकड़ा, तिजारा, किशनगढ़ बास सहित आसपास के 24 गांवों में प्याज, टमाटर और अन्य सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान होने की जानकारी सामने आई है। खेतों में महीनों की मेहनत के बाद तैयार खड़ी प्याज की फसल पर मौसम की मार ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
इस बार फसल भले ही कम थी लेकिन किसानों को उसकी अच्छी गुणवत्ता और बाजार में मिल रहे भाव से बेहतर आमदनी की उम्मीद थी। अब उन्हें आशंका है कि बारिश और ओलावृष्टि के कारण प्याज की गुणवत्ता प्रभावित होगी, जिससे मेहनत के अनुरूप कीमत मिलना मुश्किल हो सकता है।
मेवात में खैरथल-तिजारा का इलाका प्याज उत्पादन के लिए जाना जाता है। यहां की प्याज देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों तक भी पहुंचती है। सीजन में कई राज्यों के व्यापारी सीधे किसानों और मंडियों तक पहुंचते हैं। फिलहाल प्याज के थोक भाव करीब 35 से 50 रुपये प्रति किलो बताए जा रहे हैं, जिससे किसानों को अच्छी कमाई की उम्मीद बंधी थी लेकिन कुदरत के इस कहर ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।
पिछले वर्ष कम भाव मिलने के कारण कई किसानों को प्याज सड़क किनारे और अन्य जगहों पर फेंकने तक की नौबत आने की बात सामने आई थी, क्योंकि मंडी तक फसल पहुंचाने का खर्च भी निकालना मुश्किल हो रहा था। इस बार अच्छी कीमत की उम्मीद के बीच मौसम ने फिर संकट खड़ा कर दिया है।
स्थानीय किसानों ने बताया कि किसान सिर्फ फसल नहीं उगाता, बल्कि उसके साथ अपने परिवार की जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई और पूरे वर्ष के खर्च की उम्मीदें भी जोड़ता है। बीज, खाद, दवा, सिंचाई और मजदूरी पर खर्च करने के बाद जब फसल तैयार होती है, तब मौसम की ऐसी मार उनकी आर्थिक स्थिति को डगमगा सकती है।
किसानों ने मांग की है कि ऐसे में प्रभावित गांवों में फसलों का जल्द सर्वेक्षण कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करना और नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करना किसानों के हित में जरूरी है। साथ ही कृषि विभाग के दलों को खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का जायजा लेना चाहिए, ताकि किसानों को समय पर उचित सलाह और सहायता मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित