अलवर , अगस्त 17 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को खैरथल-तिजारा जिले के उपखंड मुंडावर के सहायक कलक्टर एवं मजिस्ट्रेट के संविदाकर्मी वाहन चालक गजेन्द्र सिंह को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
एसीबी सूत्रों ने बताया कि परिवादी के चाचा का भूमि बंटवारे से संबंधित मामला एसीएम मुंडावर के न्यायालय में विचाराधीन था। मामले में तहसीलदार से हिस्सा-बंटवारा (कुरेजात) रिपोर्ट मांगी गई थी। परिवादी ने पुरानी रिपोर्ट को अस्वीकार करके मौके के अनुसार दोबारा रिपोर्ट मंगवाने के लिए आवेदन किया था।
सूत्रों ने बताया कि परिवादी से सहायक कलक्टर मनीष जाटव के वाहन चालक गजेन्द्र सिंह से संपर्क करने के लिए कहा गया। गजेन्द्र सिंह ने उससे दोबारा कुरेजात रिपोर्ट के आदेश करवाने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
परिवादी की शिकायत पर एसीबी के दल ने सत्यापन के बाद जाल बिछाकर गजेन्द्र सिंह को परिवादी से 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। सत्यापन के दौरान आरोपी ने परिवादी से 15 हजार रुपये पहले ही ले लिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित