इंदौरा (कांगड़ा) , सितंबर 23 -- हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के इंदौरा से विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि खेल युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रखने का एक सशक्त माध्यम हैं और उन्होंने सभी छात्रों से खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया है।

श्री राजन ने मंगलवार को इंदोरा के सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लड़कों के लिए ज़िला-स्तरीय अंडर-19 मेजर गेम्स प्रतियोगिताओं का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही। अलग-अलग खेल प्रतियोगिताओं में 45 स्कूलों के लगभग 690 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

श्री राजन ने कहा कि खेल छात्रों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व गुण और टीम भावना विकसित करने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि में काफी बढ़ोतरी की है। राज्य सरकार के अनुसार, ओलंपिक, विंटर ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वालों को पांच करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को तीन करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को दो करोड़ रुपये मिलेंगे।

विधायक ने कहा कि इंदौरा के लिए यह गर्व की बात है कि गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इंदौरा को हाल ही में सीबीएसईई का दर्जा मिला है जिससे छात्रों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित