हरिद्वार , अक्टूबर 05 -- खेल महाकुंभ 2026-27 के अंतर्गत मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी की राज्य स्तरीय बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विभिन्न जनपदों से अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग की बालिका खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में पौड़ी गढ़वाल की टीम ने हरिद्वार को 2-0 से शिकस्त दी, जबकि देहरादून ने अल्मोड़ा को 2-0 से हराया। वहीं नैनीताल की टीम ने चमोली को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से पराजित किया। अंडर-19 वर्ग में टिहरी गढ़वाल ने नैनीताल पर एकतरफा 4-0 से जीत दर्ज की। पौड़ी गढ़वाल ने हरिद्वार को 3-0 से तथा देहरादून ने हरिद्वार को 3-0 से हराकर अगले मुकाबलों के लिए मजबूत दावेदारी पेश की।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बालिका खिलाड़ियों ने अपने-अपने जनपदों का प्रतिनिधित्व करते हुए मैदान पर पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।

इस दौरान जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चन्द्र पाण्डेय, जिला क्रीड़ाधिकारी रविन्द्र भण्डारी, प्रभारी सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी युवा कल्याण विभाग मुकेश कुमार भट्ट, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रारद अधिकारी यमकेश्वर पूनम मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी जितेन्द्र पुण्डीर, सहायक प्रशिक्षक शुभम बोरा आदि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित