पौड़ी , अक्टूबर 06 -- उत्तराखंड में खेल महाकुंभ-2026 के तहत रांसी स्टेडियम पौड़ी में आयोजित सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी में पौड़ी विधानसभा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक अंक अर्जित कर चैम्पियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। समापन समारोह में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विजेता पौड़ी विधानसभा की टीम को सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी के साथ दो लाख रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए कहा कि खेल महाकुंभ ग्रामीण और युवा प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और अनुशासन के बल पर खिलाड़ी राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
विजेता खिलाड़ियों को क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने मेडल, प्रमाण-पत्र और शील्ड भी प्रदान की। इस दौरान सीडीओ अशोक जोशी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ प्रतिभाग करना है। खेलों के माध्यम से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार, चौबट्टाखाल, लैंसडौन और यमकेश्वर के साथ रुद्रप्रयाग व केदारनाथ, टिहरी की देवप्रयाग व नरेंद्रनगर तथा नैनीताल की रामनगर विधानसभा सहित कुल 11 विधानसभाओं के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंब, एथलेटिक्स, खो-खो, पिट्टू, कबड्डी, वालीबॉल, मुर्गा झपट, रस्सा-कस्सी और गोली-कंचा जैसी खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता में पारंपरिक खेल मुर्गा झपट और गोली-कंचा खास आकर्षण रहे। अंडर-19 वालीबॉल में लैंसडौन ने पहला, चौबट्टाखाल ने दूसरा और कोटद्वार ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-19 रस्सा-कस्सी में पौड़ी प्रथम, रुद्रप्रयाग द्वितीय और देवप्रयाग तृतीय रहे। कबड्डी में चौबट्टाखाल ने बाजी मारी, जबकि लैंसडौन दूसरे और देवप्रयाग तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-14 वालीबॉल में कोटद्वार प्रथम, चौबट्टाखाल द्वितीय और रामनगर तृतीय रहे। वहीं अंडर-14 कबड्डी में चौबट्टाखाल प्रथम, रुद्रप्रयाग द्वितीय तथा रामनगर तृतीय रहा। अंडर-14 रस्सा-कस्सी में देवप्रयाग ने प्रथम स्थान हासिल किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित