रायपुर , अगस्त 29 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें तराशने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है तथा खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर अधोसंरचना और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

श्री साय ने राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर यहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किए। समारोह में राज्य खेल अलंकरण प्राप्त खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों सहित कुल 666 लोगों को एक करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपये की पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के मैदान में खिलाड़ी का परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसकी सफलता से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ता है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण कोई प्रतिभाशाली खिलाड़ी पीछे न रह जाए।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची हाल ही में जारी की गई है, जिससे उनके लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता खुला है। खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने के साथ उनका भविष्य सुरक्षित करना भी सरकार की प्राथमिकता है।

श्री साय ने कहा कि दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। पहले आयोजन में एक लाख 65 हजार युवाओं ने हिस्सा लिया था, जबकि दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर तीन लाख 91 हजार हो गई। सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के माध्यम से भी स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेलों को नई ऊंचाई देने के लिए सरकार पांच मिशन पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य प्रतिभाओं की पहचान से लेकर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन, खेल अधोसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने के अवसरों की समग्र व्यवस्था विकसित करना है।

उन्होंने बताया कि कुनकुरी, रायगढ़ और रायपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर में करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी का निर्माण किया जा रहा है, जबकि पहाड़ी कोरवा समुदाय की नैसर्गिक तीरंदाजी प्रतिभा को निखारने के लिए पंडरापाट में करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी विकसित की जा रही है।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक विविधता विभिन्न खेलों के लिए अनुकूल है और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आवश्यकता इन प्रतिभाओं को पहचानकर उचित प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने बिलासपुर खेल अकादमी की गीता यादव और मधु सिदार के एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने खेल से भारत को विश्व में गौरवान्वित किया और आज छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भी विभिन्न खेलों में प्रदेश तथा देश का नाम रोशन कर रहे हैं। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेलों, ओलंपिक और एशियाई खेलों जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगे।

समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी सहित विभिन्न राज्य खेल अलंकरण प्रदान किए गए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ कॉफी टेबल बुक 'हमारे खिलाड़ी' का विमोचन किया।

फोटो प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव, शहीद विनोद चौबे और वीर हनुमान सिंह सहित प्रदेश की विभिन्न खेल विभूतियों के जीवन, संघर्ष और योगदान को छायाचित्रों तथा जानकारियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इसमें प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के संघर्ष से सफलता तक के सफर और नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाले प्रसंगों को भी स्थान दिया गया है।

कॉफी टेबल बुक 'हमारे खिलाड़ी' में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के जीवन परिचय, खेल यात्रा, प्रमुख उपलब्धियों और योगदान को छायाचित्रों के साथ संकलित किया गया है। फोटो प्रदर्शनी और कॉफी टेबल बुक को खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसंपर्क विभाग ने तैयार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित