जौनपुर , अक्टूबर 13 -- उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिद्दीकपुर मे मंगलवार को 76वीं जनपद स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ करने के मौके पर श्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को उनके योग्यता के अनुसार सरकारी विभागों में नौकरी दे रही है जो जिस लायक हैं, उन्हें वही नौकरी दी जा रही है। उन्होंने एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकार की ओर से दी जा रही प्रोत्साहन राशि, सरकारी नौकरी सहित अन्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश सिंह तथा आयोजक विद्यालय जनता जनार्दन इंटर कॉलेज, जासोपुर चकिया के प्रबंधक लाल साहब यादव ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत मुख्य अतिथि की उपस्थिति में आयोजित 800 मीटर दौड़ में मड़ियाहूं तहसील के शिव ओम ने प्रथम, बदलापुर तहसील के अमन कुमार ने द्वितीय तथा शाहगंज तहसील के सत्यम बिंद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, पूर्व प्रांतीय माध्यमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष रमेश सिंह, डॉ. जंग बहादुर सिंह, डॉ. शैलेंद्र सिंह, वीरेंद्र यादव, डॉ. आरडी सिंह, आलोक सिंह, जयप्रकाश सिंह, राकेश सिंह, संतोष पटेल एवं खेल सचिव सुदीप कुमार सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक उपस्थित रहे। संचालन राम दुलार यादव, राम प्रताप विश्वकर्मा, डॉ. महारुद्र सिंह एवं गौरव तिवारी ने किया। अंत में आयोजक विद्यालय के प्रबंधक लालसाहब यादव और प्रधानाचार्य रमेश चंद्र ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित