लखनऊ , अक्टूबर 08 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को लेकर सकारात्मक बदलाव आया है। मैदान में प्रतिभा, उपलब्धि पर सम्मान और खेल प्रतिभाओं को राष्ट्र सेवा का अवसर देना 'नए उत्तर प्रदेश' की नई खेल संस्कृति का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को 'एक्स' पर पोस्ट के माध्यम से प्रदेश की खेल नीति और खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में अवसर दिए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसी खेल संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 43 उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस), 295 आरक्षी (नागरिक पुलिस) और 132 आरक्षी (पीएसी) समेत कुल 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

योगी ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवा के खुल रहे द्वार वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में आए बदलाव को दर्शाते हैं। उनके अनुसार, इससे पहले खेल कोटा उपेक्षित था और भर्तियों में प्रतिभा से अधिक सिफारिश और पहुंच की चर्चा होती थी। उन्होंने कहा कि सरकार ने खेल प्रतिभाओं को रोजगार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ने की दिशा में काम किया है। इसका परिणाम है कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों की सीधी भर्ती हो चुकी है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस में 866 अन्य खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना और खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों को सम्मान देना है। उन्होंने नियुक्ति पाने वाले सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित