अलवर , मई 21 -- केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री और अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने एशियन बीच गेम्स में कबड्डी प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी जय भगवान के स्वागत एवं सम्मान समारोह में गुरूवार को शिरकत की।
इस अवसर पर श्री यादव ने जय भगवान को साफा पहनाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है। जय भगवान की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है।
श्री यादव ने कहा कि खेल केवल करियर और सम्मान का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन जीने की दृष्टि भी प्रदान करते हैं। खेल हमें संघर्ष, अनुशासन और "हार कर भी दोबारा खड़े होकर प्रयास करने" की भावना सिखाते हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविता की पंक्तियां "क्या हार में, क्या जीत में, किंचित नहीं भयभीत मैं, कर्तव्य पथ पर जो भी मिला, यह भी सही, वो भी सही" का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल शरीर में नई ऊर्जा भरते हैं और लक्ष्य प्राप्ति तक लगातार प्रयास करना सिखाते हैं।
श्री यादव ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित