दरभंगा , सितंबर 12 -- बिहार के प्रतिष्ठित ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (लनामिवि) का खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया गया है। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी ने शनिवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर-महाविद्यालय खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का वार्षिक कैलेंडर जारी किया।

इस अवसर पर श्री चौधरी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक दक्षता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानसिक सशक्तिकरण, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में टीम भावना, सहयोग और उत्कृष्टता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों से प्रतियोगिताओं की तैयारी सुनिश्चित करने तथा प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देने की अपील की।

खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो.अजय नाथ झा ने कहा कि सत्र 2026-27 का खेल कैलेंडर विश्वविद्यालय की खेल संस्कृति को और मजबूत करेगा। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी प्रतियोगिताएं नियमानुसार और समयबद्ध ढंग से आयोजित की जाएंगी, जिससे विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों का चयन अंतर-विश्वविद्यालय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए समय पर किया जा सके।

विश्वविद्यालय के खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने कहा कि कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि जारी कैलेंडर सभी महाविद्यालयों एवं विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा और प्रतियोगिताओं का आयोजन सुरक्षित, व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाएगा।

कैलेंडर के अनुसार कबड्डी महिला प्रतियोगिता 18 से 20 सितंबर को पीजी एथलेटिक्स, लनामिवि में तथा कबड्डी पुरुष प्रतियोगिता 22 से 24 सितंबर को एसबीएसएस कॉलेज, बेगूसराय में होगी। किक-बॉक्सिंग, जूडो, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, कराटे एवं वुशु की पुरुष एवं महिला प्रतियोगिताएं 26-27 सितंबर को पीजी एथलेटिक्स में होंगी।

हैंडबॉल की पुरुष एवं महिला प्रतियोगिता 29-30 सितंबर को एमएलएसएम कॉलेज, दरभंगा, वॉलीबाल 3-5 अक्टूबर को एमआरजेडी कॉलेज, बेगूसराय, तथा युवा उत्सव 6-9 अक्टूबर को खेल एवं सांस्कृतिक विभाग, लनामिवि में आयोजित होगा। टेबल टेनिस 28 अक्टूबर को सीएम साइंस कॉलेज, दरभंगा और पुरुष फुटबॉल 29-31 अक्टूबर को एपीएसएम कॉलेज, बरौनी में होगा।

बैडमिंटन 4-6 नवंबर को आरबी कॉलेज, दलसिंहसराय, महिला फुटबॉल 27-28 नवंबर को महिला कॉलेज, समस्तीपुर, महिला क्रिकेट 1-2 दिसंबर को निदेशालय, खेल एवं शारीरिक शिक्षा, लनामिवि तथा बास्केटबॉल 4-5 दिसंबर को एमके कॉलेज, लहेरियासराय में होगा। एथलेटिक्स 7-9 दिसंबर को लनामिवि में, बॉल-बैडमिंटन 10-11 दिसंबर को समस्तीपुर कॉलेज में तथा पुरुष क्रिकेट 16-21 दिसंबर को ललित नारायण जनता कॉलेज, झंझारपुर में आयोजित होगा।

शतरंज 22-24 दिसंबर को सीएम कॉलेज, दरभंगा, रग्बी 5-6 जनवरी 2027 को जीडी कॉलेज, बेगूसराय, खो-खो 30-31 जनवरी को आरसीएस कॉलेज, मंझौल, कुश्ती 2-3 फरवरी को एसके महिला कॉलेज, बेगूसराय तथा योग 2-3 फरवरी को निदेशालय, खेल एवं शारीरिक शिक्षा, लनामिवि में आयोजित होगा।

कायाकिंग एवं कैनोइंग के चयन ट्रायल 12-13 अक्टूबर को आर के कॉलेज, मधुबनी तथा रोइंग के चयन ट्रायल 19-20 फरवरी 2027 को आर के कॉलेज, मधुबनी में होंगे।

इस अवसर पर खेल एवं संस्कृति विभाग के मनीष राज और सुमित कुमार झा सहित अन्य उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित