श्रीनगर , फरवरी 23 -- केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को गुलमर्ग में 6वें खेलो इंडिया विंटर गेम्स का विधिवत उद्घाटन किया।

देश के प्रमुख शीतकालीन खेल केंद्र गुलमर्ग में आयोजित चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 1,000 खिलाड़ी और अधिकारी भाग ले रहे हैं।

उपराज्यपाल ने कहा कि गुलमर्ग में आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्स एक साधारण खेल आयोजन से आगे बढ़कर राष्ट्रीय उत्सव का स्वरूप ले चुका है। यह आयोजन शांति, समानता और सौहार्द के मूल्यों को पुनर्जीवित करता है तथा विविध भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं वाले देश में एक साझा विरासत के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा, " विंटर गेम्स जीवन की चुनौतियों का प्रतिबिंब हैं, जो खिलाड़ियों में दृढ़ता और आत्मविश्वास का निर्माण करते हैं। गिरना, गलतियों का विश्लेषण करना और बेहतर बनकर उठना-यही खेल की असली सीख है, जिसे स्कीयर यहां आत्मसात करेंगे।"उपराज्यपाल ने इस आयोजन के व्यापक उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलो इंडिया विंटर गेम्स राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सम्मान साथ-साथ चल सकते हैं और आज समाज को इसी भावना की आवश्यकता है।

अल्पाइन स्कीइंग, नॉर्डिक स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग और स्की माउंटेनियरिंग जैसी स्पर्धाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में खिलाड़ी अपनी तकनीकी दक्षता, वर्षों की मेहनत और अदम्य साहस का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने प्रतिभागियों से खेल भावना के उच्चतम मानकों को बनाए रखने और पूरे टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित