भोपाल , मार्च 23 -- देश में पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में मध्यप्रदेश के 111 जनजातीय खिलाड़ी 21 सहयोगी सदस्यों के साथ भाग लेकर राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता 25 मार्च से 3 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में आयोजित होगी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह आयोजन जनजातीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, भारोत्तोलन और कुश्ती सहित कुल सात खेलों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एथलेटिक्स प्रतियोगिता 30 मार्च से 2 अप्रैल तक जगदलपुर में, तीरंदाजी 30 मार्च से 3 अप्रैल तक रायपुर में आयोजित होगी। फुटबॉल मुकाबले 25 मार्च से 3 अप्रैल तक पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय एवं स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में होंगे। हॉकी प्रतियोगिता 26 मार्च से 1 अप्रैल तक अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में, तैराकी 25 से 28 मार्च तक अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल में और भारोत्तोलन 26 से 29 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जबकि कुश्ती स्पर्धा 28 से 31 मार्च तक सरगुजा में संपन्न होगी।
इस आयोजन का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। इसके माध्यम से सामाजिक समावेशन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।
मध्यप्रदेश का दल पूरी तैयारी और उत्साह के साथ इस प्रतियोगिता में भाग ले रहा है। खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन कर सकें। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने विश्वास जताया है कि प्रदेश के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल करेंगे और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित