राजनांदगांव , मई 12 -- छत्तीसगढ़ में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित 'खेलो इंडिया केन्द्र' में प्रशिक्षण ले रहे बालक एवं बालिका हॉकी खिलाड़ियों के लिए आज जर्सी अनावरण एवं किट वितरण समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन के साथ खेलने की सीख दी।

श्री यादव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि खिलाड़ियों की सुविधा के लिए अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में जल्द ही हाई मास्ट लाइटें लगवाई जाएंगी। साथ ही, उन्होंने विश्वास दिलाया कि स्टेडियम के पुराने हो चुके एस्ट्रोटर्फ को बदलने का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।

उन्होंने नई जर्सी का अनावरण करते हुए कहा, "जर्सी केवल एक परिधान नहीं, बल्कि खिलाड़ी के आत्मविश्वास और खेल भावना का प्रतीक है। जब पूरी टीम एक रंग में मैदान पर उतरती है, तो वह सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन करती है।"छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि खेलो इंडिया लघु केंद्र के तहत वर्तमान में 75 बालक-बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। शासन की योजना के अनुरूप, खिलाड़ियों को वर्ष में दो बार प्लेइंग किट प्रदान की जाती है। इसी कड़ी में वरिष्ठ खिलाड़ियों और अतिथियों की मौजूदगी में किट का वितरण किया गया।

इससे पूर्व, प्रातः काल में बालिका वर्ग की जर्सी का अनावरण पूर्व अध्यक्ष राज्य युवा आयोग जितेन्द्र मुदलियार द्वारा किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मैदान पर जीत 'व्यक्तिगत कौशल' से नहीं बल्कि 'सामूहिक प्रयास' से मिलती है। यह जर्सी उन हजारों उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करती है जो खिलाड़ियों से जुड़ी हैं।

इस अवसर पर सहायक निदेशक ए. एक्का, सावन वर्मा, छोटेलाल रामटेके, मनोहर यादव, जिला हॉकी संघ सचिव शिवनारायण धकेता, नीलम जैन, भूषण साव, महेंद्र सिंह ठाकुर, प्रिंस भाटिया, गुणवंत पटेल, अनुराज श्रीवास्तव और साई कोच परमजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व खिलाड़ी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन और तकनीकी मार्गदर्शन खेलो इंडिया हॉकी कोच शकील अहमद द्वारा किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित