चंडीगढ़ , अगस्त 04 -- नगर निगम चंडीगढ़ के आयुक्त अमित कुमार ने मंगलवार को 'खेल का उपहार, नशे पर प्रहार' अभियान के तहत खेल सामग्री भेंट की।

उन्होंने अभियान के संयोजक संजीव राणा को खेल किट सौंपते हुए कहा कि नशे की समस्या केवल किसी व्यक्ति या परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चुनौती है।

आयुक्त ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता के साथ-साथ उन्हें खेल, शिक्षा और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान जरूरतमंद युवाओं तक खेल सामग्री पहुंचाकर उन्हें सकारात्मक दिशा देने का सराहनीय प्रयास है। खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित करते हैं।

उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से अपील की कि वे कम से कम एक जरूरतमंद बच्चे को खेलों से जोड़ने का संकल्प लें। उनका कहना था कि इस अभियान में दिया गया हर सहयोग किसी युवा के भविष्य और जीवन को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अभियान के संयोजक संजीव राणा ने आयुक्त अमित कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की भागीदारी से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और अधिक लोग इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।

उन्होंने बताया कि यह पहल केवल खेल सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि झुग्गी बस्तियों, ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें नशे से दूर रखने का जन अभियान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित