जौनपुर , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने युवाओं से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और ऊर्जावान युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। भारतीय खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को निखारने तथा नशे से दूर रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न खेल एवं युवा कल्याण योजनाओं, सुविधाओं और अवसरों का युवाओं को अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। खेल विभाग की वेबसाइटों और विभिन्न नोटिफिकेशन के माध्यम से खेल प्रतिभाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जाती है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता के साथ विभिन्न सेवाओं और पदों पर सीधी भर्ती के माध्यम से विशेष अवसर भी दिए जाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित