नयी दिल्ली , मई 13 -- एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पीजीडीएवी कॉलेज को दिल्ली यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित इंटर-कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरुष वर्ग में प्रतिष्ठित वाइस चांसलर ट्रॉफी से सम्मानित किया गया है।

यह पहली बार है जब पीजीडीएवी कॉलेज ने अपने इतिहास में इस गौरवपूर्ण सम्मान को प्राप्त किया है, जिससे कॉलेज की खेल विरासत में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। एक विशेष समारोह के दौरान यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली के डीन ऑफ कॉलेजेज प्रो. बलराम पाणि ने यह ट्रॉफी पीजीडीएवी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दरविंदर कुमार को प्रदान की। पीजीडीएवी कॉलेज ने विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं में चैंपियनशिप हासिल की: क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल और जूडो।

कॉलेज के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग ने इस ऐतिहासिक सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह उपलब्धि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और शिक्षकों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर समर्पण का परिणाम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित