बैतूल , अक्टूबर 06 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में सोमवार शाम माचना नदी में डूबने से पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना गंज थाना क्षेत्र के नाके के पास नदी के घाट क्षेत्र में हुई।

पुलिस के अनुसार जयप्रकाश वार्ड निवासी राजा बिनाके का पांच वर्षीय बेटा शौर्य सोमवार शाम करीब पांच से छह बजे के बीच अन्य बच्चों के साथ माचना नदी के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक नदी में गिर गया। साथ मौजूद बच्चों ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी।

सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा शौर्य को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार शौर्य दो बच्चों में बड़ा था और उसकी एक छोटी बहन है। वह आंगनबाड़ी जाता था। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने शुरुआत में शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया था। पुलिस की समझाइश के बाद वे पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। मंगलवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शौर्य नदी में किस तरह गिरा, इसकी स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना के समय मौके पर मौजूद बच्चों और अन्य लोगों से जानकारी जुटा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित