बड़वानी , मई 29 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में खेत में सो रहे एक परिवार पर कथित रूप से एसिड से भरा डिब्बा गिर जाने से एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि उसके दो मासूम बच्चे झुलस गए।
राजपुर के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र रोमड़े ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे विजय नामक व्यक्ति अपनी 24 वर्षीय पत्नी पिंकी, चार वर्षीय पुत्री शिवानी और छह वर्षीय पुत्र अथर्व को 108 एंबुलेंस से राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा था।
उन्होंने बताया कि घटना में पिंकी का चेहरा, छाती, पेट, हाथ और पैर गंभीर रूप से झुलस गए थे तथा उसकी आंखें भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। वहीं दोनों बच्चों के चेहरे भी एसिड से झुलस गए।
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही पिंकी की मृत्यु हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों बच्चों का उपचार जिला अस्पताल के बर्न यूनिट में जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
महिला के पति विजय ने बताया कि वह खेत में ड्रिप सिंचाई प्रणाली की सफाई के लिए राजपुर से एसिड की केन लाया था और उसे परिवार के सोने के स्थान के पास एक रैक पर रख दिया था। उसके अनुसार शुक्रवार तड़के वह शौच के लिए बाहर गया था। इसी दौरान संभवतः किसी बिल्ली या चूहे की हलचल के कारण एसिड का डिब्बा गिर गया और एसिड उसकी पत्नी तथा बच्चों पर फैल गया।
विजय ने बताया कि उसकी पत्नी को मुंह खोलकर सोने की आदत थी, जिसके कारण कुछ एसिड उसके मुंह में भी चला गया।
बड़वानी के पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि घटना का सही घटनाक्रम अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। महिला की गंभीर स्थिति के कारण मृत्यु से पहले उसके बयान दर्ज नहीं किए जा सके। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित