प्रयागराज, जून 21 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के कोरांव थाना क्षेत्र के चपारो गांव में रविवार सुबह एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में 50 वर्षीय सुरेश धरकार का शव मिला। मृतक श्यामा प्रसाद धरकार के पुत्र थे। शव घर से करीब 500 मीटर दूर पड़ा था। सूचना मिलते ही परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।ग्रामीणों ने रविवार सुबह सुरेश धरकार का शव खेत में देखा, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते सुरेश की हत्या की है।
परिजनों ने हाल ही में कुछ ग्रामीणों के साथ विवाद होने की बात भी कही।शव मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों ने तत्काल दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। घटना की सूचना पर सहायक पुलिस उपायुक्त मेजा एसपी उपाध्याय, कोरांव थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार और खीरी थाना प्रभारी कृष्ण मोहन सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया।कोरांव थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक हंगामा जारी था और शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित