बैतूल , मई 06 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में भौंरा पुलिस ने खेत में विस्फोटक रखकर मवेशियों को मारने के गंभीर मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद नौ जिंदा विस्फोटक गोलों को बम निरोधक दस्ते की मदद से नष्ट कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम कोयलारी, पुलिस चौकी भौंरा क्षेत्र में आरोपी राकेश चौहान उर्फ पारदी ने अपने खेत में आटा और दाल का लेप लगाकर विस्फोटक सामग्री इस तरह रखी थी कि मवेशी उसे खा लें और विस्फोट हो जाए। इस घटना में दो गायों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का उपचार जारी है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को मौके से नौ जिंदा विस्फोटक गोले भी मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया, जिसने सभी विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री का उपयोग न करें और मवेशियों अथवा वन्यजीवों से जुड़ी समस्याओं का समाधान कानूनी तरीके से करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित