कोरबा , दिसंबर 05 -- छत्तीसगढ के कोरबा शहर से सटे निगम क्षेत्र के रिसदी गांव स्थित खेत में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब किसानों ने लगभग नौ फुट लंबा और करीब आठ किलो वजनी विशालकाय अजगर को खेत की जाली में फंसा देखा। फसल काटने पहुंचे किसान संजय कंवर ने अजगर को छटपटाते देखा और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू टीम (नोवा नेचर) को दी।
सूचना मिलते ही स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक प्रयासों के बावजूद अजगर को बिना चोट पहुंचाए जाल से बाहर निकालना मुश्किल साबित हो रहा था। इसके बाद टीम ने अजगर को सावधानीपूर्वक खेत से हटाकर सूखी एवं सुरक्षित जगह पर लाकर बचाव प्रक्रिया शुरू की।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने कैची की मदद से जाल को धीरे-धीरे काटा और अंततः अजगर को बिना किसी चोट के सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित