श्रीगंगानगर , अप्रैल 27 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में 80 वर्षीय एक बुजुर्ग की खेत में लगी आग को बुझाने के प्रयास में जलने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मृतक की पहचान गज्जनसिंह बावरी (80) निवासी चक 1-जीएम थाना नई मंडी घड़साना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गज्जनसिंह रविवार दोपहर को अपने खेत में फसल कटाई के बाद बचे हुए कचरे और घास-फूस को आग लगाकर नष्ट कर रहा था। उस दौरान हवा चल रही थी। हवा के कारण उसके खेत में लगी आग की चिंगारी पास के खेत में चली गई, जहां गेहूं की फसल की कटाई करने के बाद बंडल बनाकर रखे हुए थे।

पुलिस ने बताया कि गेहूं के दो-तीन बंडलों में आग लग गई, जिसे गज्जनसिंह बुझाने लगा तो वह बुरी तरह से झुलस गया। इस घटना का गांव के लोगों को काफी देर बाद पता चला। जब वे खेत में गए तो गज्जनसिंह मृत अवस्था में पड़ा था। पुलिस ने कल देर शाम पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित