गाजियाबाद , जुलाई 23 -- उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले के वेव सिटी थाना क्षेत्र के काजीपुरा गांव स्थित एक खेत में गुरुवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में खेत के बीचों-बीच किसी को घसीटकर ले जाने जैसे निशान और टूटी हुई फसल मिलने से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।वेव सिटी सहायक पुलिस आयुक्त श्रीमती प्रियाश्री पाल ने बताया कि वेव सिटी थाना को पुलिस गश्त वाहन (पीआरवी) के माध्यम से सूचना मिली थी कि काजीपुरा के एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में घसीटने के निशान दिखाई दे रहे हैं और फसल भी कई स्थानों पर टूटी हुई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना वेव सिटी की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। तलाशी और निरीक्षण के दौरान खेत से एक महिला का शव बरामद किया गया।
महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिससे मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है, सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है तथा फॉरेंसिक जांच दल घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। महिला की पहचान, मौत के कारण और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित