रायसेन , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के मंडीदीप थाना क्षेत्र के नगरी गांव में खेत की बुआई को लेकर हुए भूमि विवाद में बड़े भाई ने कथित रूप से छोटे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना में मृतक के दो पुत्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चिकलोद निवासी विष्णु प्रसाद सेन मंगलवार को अपने पुत्र अखिलेश और अजय सेन के साथ ग्राम नगरी स्थित खेत पर पहुंचे। उस समय उनके बड़े भाई नारायण सेन खेत में बुआई कर रहे थे। बुआई का विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई।

विवाद के दौरान धारदार हथियारों और चाकू से हमला किया गया, जिसमें विष्णु प्रसाद सेन की पीठ में चाकू लगने से उनकी मृत्यु हो गई। वहीं उनके पुत्र अखिलेश के गले तथा अजय सेन के कंधे पर चाकू लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार जारी है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खेत में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और अफरा-तफरी दिखाई दे रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब ढाई महीने पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित