ग्वालियर , फरवरी 17 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के गिरगांव क्षेत्र में 40 हजार रुपये के लेन-देन के विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डालचंद अपने भाई राजवीर और एक अन्य भाई के साथ खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान गांव के ही रामसेवक, सोनू, सुमनता, लल्ला, भब्बा और दीपू गुर्जर सहित अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया और फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक गोली डालचंद गुर्जर (40) के सिर में जा लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि डालचंद बचपन से ही गूंगा-बहरा है।

घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

मामले में नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि दो पक्षों में पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके दौरान फायरिंग की घटना हुई। एक युवक के सिर में गोली लगी है और उसका उपचार जारी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित