बारां , सितम्बर 10 -- मध्यप्रदेश की सीमा से सटे राजस्थान में बारां जिले के शाहाबाद उपखंड क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कूनो से निकली मादा चीता 'वीरा' समरानियां कस्बे के समीप फरेदुआ गांव के खेतों में दिखाई दी।

ग्रामीणों के अनुसार सुबह से ही चीता गांव के आसपास मक्का के खेतों में घूमती नजर आयी। खेतोंमें चीते की मौजूदगी की सूचना फैलते ही ग्रामीणों और किसानों में दहशत का माहौल बन गया। चीता के खेतों में पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया। विभाग के दल मौके पर पहुंचे और चीता की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। इसके साथ ही विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गयी है।

फरेदुआ गांव और आसपास के क्षेत्र में चीते की मौजूदगी को देखते हुए किसानों को फिलहाल खेतों की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी गयी है। वन विभाग के दलों ने ग्रामीणों से भीड़ नहीं लगाने और चीते को देखने या उसके करीब जाने का प्रयास नहीं करने का आग्रह किया है। कूनो राष्ट्रीय उद्यान से निकलकर राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र में पहुंचने वाली 'वीरा' की गतिविधियां पहले भी वन विभाग के लिए निगरानी का विषय रही हैं। मध्यप्रदेश की सीमा से लगे शाहाबाद क्षेत्र में घने जंगल और वन्यजीवों के लिए अनुकूल प्राकृतिक क्षेत्र होने के कारण चीते का इस क्षेत्र में आवाजाही होती रही है। केपी -2 और केपी -3 चीता भी यहां शिकार कर चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित