श्रीगंगानगर , जून 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र में खाट लबाना गांव में बुधवार को एक युवक की लाठी और लोहे की छड़ से हमला करके हत्या कर दी गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान मलकीत सिंह (33) के रूप में हुई है। वह पूर्वाह्न करीब 11 बजे अपने दो भाइयों निहाल सिंह एवं रवि के साथ खेत से मोटरसाइकिल पर वापस घर आ रहा था। गांव में उनके घर की गली में ही आरोपियों ने इनको रोक लिया। आरोपियों ने लाठी-डंडे और लोहे की छड़ से उस पर हमला कर दिया। हमले में मलकीतसिंह बुरी तरह से जख्मी हो गया।

पुलिस ने बताया उसे अस्पताल ले जाया गया जहां पहुंचने पर उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने इसी गांव के बंटी, उसके पिता प्रेमसिंह के अलावा श्याम और ज्ञानी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि मलकीतसिंह और बंटी के परिवारों में पिछले कुछ दिनों से खेत में पशु के घुस आने की बात को लेकर रंजिश चली आ रही थी। बंटी के परिवार द्वारा पालतू पशु खुला छोड़ दिये जाते थे, जो मलकीत सिंह के खेत में आ जाते थे और फसल खराब कर देते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित