पौड़ी , सितंबर, 24 -- उत्तराखंड में पौड़ी जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को तहसील पौड़ी के राजस्व ग्राम मासौं तल्ला पहुंचकर क्रॉप कटिंग प्रयोग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ खेत में पहुंचकर कृषि कार्यों की जानकारी ली और विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं से संवाद कर उनकी आजीविका, आय के साधनों तथा गांव की दैनिक आवश्यकताओं के बारे में जानकारी हासिल की।
राजस्व विभाग की टीम ने किसान वीरेंद्र नेगी के खेत में निर्धारित मानकों के अनुसार 30 वर्गमीटर क्षेत्रफल का प्लॉट तैयार कर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग प्रयोग किया। निर्धारित क्षेत्रफल में गेहूं की कटाई के बाद 11 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने स्वयं भी खेत में गेहूं की कटाई की और ग्रामीण महिलाओं के साथ पारंपरिक मंडाई कार्य में हाथ बंटाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
डीएम ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोग के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसलों की औसत उत्पादकता का वैज्ञानिक तरीके से आकलन किया जाता है। इन आंकड़ों के आधार पर जनपद में फसल के संभावित उत्पादन का अनुमान तैयार होता है, जिससे जिले की कृषि उत्पादकता और वास्तविक उत्पादन संबंधी आंकड़े जुटाने में मदद मिलती है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान पुष्पा नेगी समेत ग्रामीणों से गांव की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। महिलाओं से बातचीत में उन्होंने उनकी आय और आजीविका से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि गांव के बच्चों के स्कूल जाने वाले पैदल मार्ग पर झाड़ियां उग आई हैं और मार्ग की स्थिति भी खराब है, जिससे बच्चों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित