ललितपुर , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के महरौनी कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को खेत पर फसल देखने गए एक किसान की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के नैनवारा गांव निवासी प्रेम नारायण मिश्रा (65) अपने खेत में बोई गई फसल देखने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह खेत में स्थित एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से प्रेम नारायण गंभीर रूप से झुलस गए और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। पास में काम कर रहे मजदूरों ने घटना देखी और मृतक के मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए महरौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित