बैतूल , अक्टूबर 04 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में खेत में बने मकान का ताला तोड़कर सोयाबीन और खाद चोरी करने के मामले में बैतूल बाजार पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन बोरी सोयाबीन बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कोलगांव निवासी नत्थु बारपेटे ने 26 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम मुचगोहान के पास उसके खेत में बने मकान से करीब तीन क्विंटल सोयाबीन, दो बोरी डीएपी, 10 बोरी यूरिया और निंदानाशक दवा चोरी हो गई। मकान का ताला और कुंदा टूटा मिला था। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 235/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र के आधार पर ग्राम मुचगोहान निवासी अनिल धुर्वे (35) से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने साथी रवि बाडिवा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर करीब 12 हजार रुपये कीमत की तीन बोरी सोयाबीन बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया। फरार आरोपी रवि बाडिवा की गिरफ्तारी और शेष चोरी की सामग्री की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित