मुरैना , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा थाना क्षेत्र के सीगपुरा गांव में खेत की मेढ़ तोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। संघर्ष में गंभीर रूप से घायल 23 वर्षीय अजय उर्फ गोलू तोमर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार को हुए विवाद के दौरान लाठी-डंडों से लैस लोगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। घटना के दौरान फायरिंग होने की भी खबर है। गंभीर रूप से घायल अजय को परिजन उपचार के लिए ग्वालियर ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

संघर्ष में मृतक की मां ममता देवी (48), ताऊ राघवेंद्र सिंह (55) तथा संजय (28) और रवि (26) घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्होंने पहले ही पुलिस से शिकायत की थी। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई की जाती तो विवाद इतना नहीं बढ़ता और अजय की जान बच सकती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित