हनुमानगढ़ , मई 09 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी थाना क्षेत्र के सालीवाला गांव में शनिवार को सुबह खेत में पौधों को पानी देने के लिए टैंकर भरते समय दो युवकों की गहरी डिग्गी में गिरने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सालीवाला गांव के चक 8-एसबीएन रोही स्थित एक खेत में रविंद्रकुमार मेघवाल (22) और शाहरुख (21) सुबह करीब साढ़े नौ बजे पानी का टैंकर भरने गए थे। डिग्गी से पानी खींचते समय दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में गिर पड़े। डिग्गी काफी गहरी होने के कारण दोनों तुरंत डूब गए। घटना के करीब दो घंटे बाद जब सूचना मिली तब ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक रमेशचंद्र माचरा और टिब्बी थानाधिकारी हंसराज लूणा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शव टिब्बी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित