बैतूल , सितंबर 23 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के शाहपुर पुलिस ने खेतों से मोटर पंप चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो मोटर पंप समेत 33 हजार रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम टेमरारैय्यत निवासी बबलू भलावी ने मंगलवार को शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घोनीघाट स्थित खेत के बोरवेल से पांच हॉर्सपावर की ट्यूबवेल मोटर पंप चोरी हो गई है। इसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई। इसी दौरान गांव के राजपाल वट्टी के खेत स्थित कुएं से भी तीन हॉर्सपावर की पनडुब्बी मोटर पंप चोरी होने की जानकारी सामने आई। दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
ग्रामीणों से आरोपियों के पकड़े जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीन आरोपियों तथा दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान संलिप्तता सामने आने पर उनकी निशानदेही पर दोनों चोरी की मोटर पंप बरामद कर ली गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में ढुमका रैय्यत निवासी दीपक कडोपे (20), आशीष काकोडिया (24) और टेमरारैय्यत निवासी साहिल धुर्वे (18) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश, एसडीओपी शाहपुर सैफा हासिमी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमरे के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने किसानों से खेतों में लगे कृषि उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित