यमुनानगर , सितंबर 27 -- हरियाणा के यमुनानगर में पुलिस की अपराध शाखा-1 की टीम ने खेतों से ट्यूबवेल मोटर चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिला पुलिस को अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के सख्त निर्देश दिये हुए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा-1 की टीम ने यह सफलता हासिल की है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है और करीब डेढ़ दर्जन वारदातों के खुलने की संभावना है।

प्रभारी राजकुमार ने बताया कि टीम को खुफिया सूचना मिली थी कि कलानौर बॉर्डर पर चार व्यक्ति वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर एएसआई आजाद सिंह, एएसआई अमरजीत सिंह, मनीष कुमार, सुशील, बृजपाल और कमल की टीम गठित कर मौके पर चारों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव शीतलपुर निवासी जसपाल पुत्र ईश्वर सिंह, गांव सोन चिड़ा निवासी राजू पुत्र धर्मपाल, गांव गलौरा निवासी इंदर सेन पुत्र भंवर सिंह और न्यू शारदा नगर निवासी धर्मपाल उर्फ मिट्टू पुत्र महावीर के रूप में हुई है।

प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने डेढ़ दर्जन से अधिक मोटर चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। इंचार्ज ने बताया कि 9 अगस्त 2026 को बुढ़िया थाना क्षेत्र में एक ही रात में तीन ट्यूबवेल मोटरों की तारें चोरी की गई थीं। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।

इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि एक आरोपी अभी फरार है। फरार आरोपी दिन में आकर रेकी करता था और रात में चारों साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित