अलवर , सितम्बर 27 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने खेतों में सिंचाई के लिए लगे फव्वारों की पीतल की नोजल और मोटर केबल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महिपाल उर्फ जोरिया (30) और रणजीत कुमार (35) के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि 24 सितम्बर को पीड़ित उदयवीर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खेत से सात फव्वारे, अनिल कुमार के आठ, फुलसिंह और चन्द्रपाल सिंह के पांच-पांच और अजय के कुएं से तीन फव्वारे और मोटर केबल चोरी हो गई। पुलिस ने विशेष दल गठित करके तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर महिपाल उर्फ जोरिया को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल करते हुए 28 नोजल और एक केबल चोरी करना बताया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 17 नोजल बरामद किए। शेष 11 नोजल और केबल कबाड़ी रणजीत कुमार को बेचने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने रणजीत को गिरफ्तार करके उसकी निशानदेही पर 11 नोजल और एक केबल बरामद कर ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित