बैतूल , अगस्त 23 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र में किसानों के खेतों और कुओं में लगे मोटर पंपों से कॉपर केबल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक चोरी के आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 35 किलोग्राम जला हुआ तांबा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये है।
पुलिस के अनुसार चार-पांच जुलाई की रात ग्राम बाड़ेगांव के किसानों के खेतों से तथा आठ-नौ जुलाई की रात ग्राम धाबला में करीब आठ से दस किसानों के खेतों और कुओं में लगे मोटर पंपों से अज्ञात चोर कॉपर केबल काटकर ले गए थे। दोनों मामलों में साईंखेड़ा थाने में अपराध क्रमांक 97/2026 और 99/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ निरीक्षक आबिद अंसारी, पुलिस टीम और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस के सूचना तंत्र के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच में रवि कुमरे पर संदेह होने पर उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने साथी के साथ खेतों से केबल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने रवि को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की केबल से निकाला गया करीब 15 किलोग्राम जला हुआ तांबा बरामद किया। पूछताछ में पता चला कि चोरी का शेष माल महाराष्ट्र के अमरावती जिले के मोर्शी निवासी कबाड़ी कलीम खान को बेचा गया था। इसके बाद पुलिस टीम महाराष्ट्र पहुंची और दबिश देकर कलीम खान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दोनों वारदातों से संबंधित करीब 20 किलोग्राम जला हुआ तांबा बरामद किया।
पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में कलीम खान के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) के तहत कार्रवाई की है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय मुलताई में पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भैयालाल उईके, निरीक्षक आबिद अंसारी सहित पुलिस टीम और डॉग स्क्वाड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने किसानों से खेतों में लगे मोटर पंप, बोरवेल केबल और विद्युत उपकरणों की निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित